राष्ट्रीय खेलों का समापन, उत्तराखंड के उत्तम कुश्ती में दिलाया गोल्ड

38वें राष्ट्रीय खेलों के आखिरी दिन उत्तराखंड के पहलवान उत्तम ने 130 किलोग्राम भार वर्ग में रोमन ग्रीको कुश्ती का स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। वहीं, हॉकी के पुरुष वर्ग में कर्नाटक और महिला वर्ग में हरियाणा की टीम ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय खेलों के तहत वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद में हॉकी और कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला हॉकी फाइनल में हरियाणा ने मध्य प्रदेश को 4-1 से हराया। हरियाणा की टीम से चौधरी महिमा, इशिका और मोनिका ने गोल किए, जबकि मध्य प्रदेश की ओर से चावन ऐश्वर्या ने एकमात्र गोल किया। पुरुष हॉकी फाइनल में कर्नाटक ने उत्तर प्रदेश को 3-2 से हराकर खिताब जीता। महिला हॉकी में तीसरे स्थान के लिए झारखंड और महाराष्ट्र के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें झारखंड ने 2-1 से जीत दर्ज की। पुरुष हॉकी में महाराष्ट्र ने पंजाब को 1-0 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।
इसे भी पढ़ें – CBSE बोर्ड परीक्षा कल से शुरू
कुश्ती में उत्तराखंड के उत्तम ने 130 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। एसएससीबी के प्रेम ने रजत, महाराष्ट्र के दिग्विजय और हरियाणा के अंकुश ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अन्य भार वर्गों में भी कई राज्यों के खिलाड़ियों ने पदक जीते।
पुरुष हॉकी फाइनल का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धर्मपत्नी गीता पुष्कर धामी और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने किया। विजेता खिलाड़ियों को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और सुबोध उनियाल ने पुरस्कार वितरित किए।