राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की बेटियों का परचम, उन्नति ने स्वर्ण, शालिनी ने रजत किया नाम

राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर सफलता का परचम लहराया है। जूडो में उन्नति शर्मा ने 35 दिन पहले मिली हार का बदला लेते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि शालिनी नेगी ने 10 किलोमीटर रेस वॉक में रजत पदक जीतकर अपने खेल का लोहा मनवाया।
देहरादून के डीएवी पब्लिक स्कूल से पढ़ीं उन्नति शर्मा ने 11 साल की उम्र में जूडो खेलना शुरू किया। इस साल जनवरी में सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की हिमांशी टोकस से हारने के बाद उन्होंने संकल्प लिया कि राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण जीतना है, जिसे उन्होंने पूरा कर दिखाया।
चमोली जिले के सेकोट गांव की रहने वाली शालिनी नेगी ने मात्र दो साल पहले गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में रेस वॉक की शुरुआत की। इस खेल के बारे में कम जानकारी होने के कारण कई बार लोगों ने मजाक बनाया, लेकिन उन्होंने कड़ी मेहनत कर राष्ट्रीय खेलों में रजत पदक जीतकर खुद को साबित किया।