हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 का लोगो, वेबसाइट और थीम गीत जारी, मुख्यमंत्री धामी ने किया लॉन्च
हरिद्वार में अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मेले का आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और थीम गीत जारी किया। हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य देश-विदेश तक हरिद्वार की धार्मिक विरासत, गंगा के महत्व और कुंभ की परंपराओं को पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपराओं, सनातन संस्कृति और जनआस्था का प्रमुख पर्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अर्धकुंभ 2027 को कुंभ मेले की व्यवस्थाओं के अनुरूप भव्य रूप से आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
लोगो में दिखेगी हरिद्वार की धार्मिक पहचान
अर्धकुंभ 2027 के आधिकारिक लोगो में गंगा, हरकी पैड़ी, धनुष पुल, सूर्योदय, भगवान शिव की प्रतिमा और साधु-संतों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही त्रिशूल, डमरू और मनसा देवी व चंडी देवी मंदिरों से जुड़ी पहाड़ियों को भी दर्शाया गया है।
लोगो के चयन के लिए उत्तराखंड के युवाओं और विद्यार्थियों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। सैकड़ों प्रविष्टियों की समीक्षा के बाद 13 डिजाइनों को अंतिम चरण के लिए चुना गया। इनमें से हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को आधिकारिक लोगो के रूप में चुना गया।
‘कुंभ का पर्व आ गया’ थीम गीत जारी
कार्यक्रम में अर्धकुंभ 2027 का आधिकारिक थीम गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ भी जारी किया गया। हरिद्वार के गायक राघव राजा ने इस गीत के बोल लिखे, स्वर दिया और संगीत तैयार किया। गीत की शुरुआत ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से होती है।
अर्धकुंभ से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के लिए वेबसाइट भी शुरू की गई है। श्रद्धालु और अन्य लोग https://haridwarkumbh.uk.gov.in पर मेले से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सौरभ बहुगुणा, राम सिंह कैड़ा, खजान दास, भारत सिंह चौधरी, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा सहित कई मंत्री मौजूद रहे। मेला अधिकारी सोनिका, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

