बागेश्वर के नौ बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय विज्ञान कांग्रेस के लिए चयनित
बागेश्वर जिले के नौ बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए हुआ है। सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर इन विद्यार्थियों की परियोजनाओं को अगले चरण के लिए चुना गया। अब ये विद्यार्थी राज्य स्तर पर बागेश्वर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज में किया गया। इसमें 150 से अधिक बाल वैज्ञानिकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार से जुड़ी परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। इनमें से नौ परियोजनाओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद के नेटवर्क और गोल्डन न्यू एरा एजुकेशनल एंड सोशल सोसाइटी के तहत आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा राम ने चयनित समूहों के प्रमुखों को पुरस्कार प्रदान किए।
जिला समन्वयक और विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी ने बताया कि जूनियर और सीनियर, दोनों आयु वर्गों से विद्यार्थियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
10 से 14 वर्ष आयु वर्ग में कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल, कठायतबाड़ा की दृश्य कोहली, राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर की हर्षिता उपाध्याय, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गलई-गंधार की उषा बिष्ट और राजकीय इंटर कॉलेज सिरकोट के अंकित का चयन हुआ है।
14 से 17 वर्ष आयु वर्ग में केंद्रीय विद्यालय कौसानी की माही, राजकीय इंटर कॉलेज खुनौली की ईशा और अंजलि, आनंदी अकादमी घिरौली की कोमल आर्या तथा इंटर कॉलेज कोहराली के दिवाकर जोशी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए हैं।
कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक संगम शाह ने किया। इस अवसर पर शिक्षकों सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

