बदरीनाथ हाईवे पर चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, 32 तीर्थयात्रियों की बची जान
चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब झारखंड के तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस हनुमान चट्टी के पास बैना कुली क्षेत्र में अनियंत्रित हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बस बदरीनाथ धाम से दर्शन कर हरिद्वार लौट रही थी। ढलान वाले मार्ग पर ब्रेक काम नहीं करने से वाहन की रफ्तार बढ़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को खाई की ओर जाने से रोकने के लिए पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया।
बस पहाड़ी से टकराकर रुक गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। बस में झारखंड के 32 तीर्थयात्री सवार थे। सभी यात्री बदरीनाथ में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हरिद्वार लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की 23वीं वाहिनी के जवान मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त बस को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया और यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर वाहन फिटनेस और सुरक्षा मानकों की आवश्यकता को रेखांकित करती है, खासकर चारधाम यात्रा के दौरान जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन मार्गों से यात्रा कर रहे हैं।
