नरेंद्रनगर नगर पालिका चुनाव में भाजपा को चार, कांग्रेस को तीन वार्डों में जीत

नई टिहरी – नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सात वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा ने चार सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के खाते में तीन सीटें गईं।

नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव निर्विरोध रहा। कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने के बाद भाजपा के प्रत्याशी और पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।

सात वार्ड सदस्य पदों की मतगणना शहीद भगत सिंह नेगी राजकीय इंटर कॉलेज, नरेंद्रनगर में सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। निर्वाचन अधिकारी सचिन कुमार के अनुसार सभी वार्डों में कुल आठ मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।

वार्ड संख्या-1 किनवाणी से भाजपा की ममता देवी ने 249 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। कांग्रेस की रजनी को 90 और यूकेडी की कल्पना रावत को 50 मत मिले।

वार्ड संख्या-2 वंदे मातरम से कांग्रेस की आभा पंवार ने 148 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। भाजपा के प्रकाश रमोला को 137 मत मिले।

वार्ड संख्या-3 बाजार लाइन से भाजपा के सचिन भंडारी 211 मतों के साथ विजयी रहे। कांग्रेस समर्थित निर्दलीय अरविंद रावत को 143 मत प्राप्त हुए।

वार्ड संख्या-4 सिविल लाइन में कांग्रेस के रवि नेगी ने 184 मत हासिल कर भाजपा की शैला गोसाईं को पराजित किया। शैला को 159 मत मिले।

वार्ड संख्या-5 सुमन चिकित्सालय परिसर से भाजपा की पुष्पा राणा ने 176 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। कांग्रेस की रजनी को 59 मत मिले।

वार्ड संख्या-6 बकरियाना में कांग्रेस की रेखा ने भाजपा की दो बार की सभासद विनिता को 103 के मुकाबले 96 मतों से हराया।

वार्ड संख्या-7 क्लर्क क्वार्टर से भाजपा मंडल अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुए। उन्हें 169 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र चांदपुरी को 56 मत प्राप्त हुए।

इसे भी पढ़ें – बदरीनाथ हाईवे पर चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, 32 तीर्थयात्रियों की बची जान

चुनाव परिणामों के बाद नगर पालिका बोर्ड की तस्वीर पिछले कार्यकाल जैसी ही बनी रही। भाजपा के पास चार और कांग्रेस के पास तीन वार्ड सीटें हैं।

Saurabh Negi

Share