बदरीनाथ हाईवे पर दो सड़क हादसे, कई यात्री घायल, घंटों बाधित रहा यातायात

बदरीनाथ हाईवे पर दो सड़क हादसे, कई यात्री घायल, घंटों बाधित रहा यातायात

चमोली जिले में बुधवार को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसों से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों दुर्घटनाओं के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और कई वाहन लंबी कतारों में फंसे रहे।

पहला हादसा चमोली बाजार के पास कुठेड़ क्षेत्र में हुआ, जहां बदरीनाथ हाईवे पर एक बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह आपस में फंस गए। हादसे के बाद हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यात्री काफी देर तक फंसे रहे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया। राहत अधिकारियों के अनुसार सभी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अलग करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जबकि पुलिस लगातार यातायात बहाल कराने में जुटी रही।

इसे भी पढ़ें – सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट घोषित, जिला स्कूलों में छात्राओं का दबदबा

इसी हाईवे पर बुधवार को कलेश्वर के पास भी दो वाहनों की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो यात्री घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया।

Saurabh Negi

Share