बागेश्वर में भीषण वनाग्नि से दहशत, कई इलाकों में धुएं का गुबार फैलने से ग्रामीणों में भय
बागेश्वर – जिले में भीषण गर्मी के बीच जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मंगलवार देर रात गैराड़, बिलखेत, भूमियाधार, चंडिका रोड और गरुड़ क्षेत्र के कई जंगलों में भीषण आग भड़क उठी। आग के चलते पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
कई स्थानों पर आग रिहायशी इलाकों के बेहद करीब पहुंच गई। गैराड़-बिलखेत क्षेत्र के ग्रामीणों ने वन विभाग और फायर टीम से आग पर जल्द नियंत्रण की मांग की। ग्राम पंचायत पल्सू अंगडिन में भी आग गांव के नजदीक पहुंचने से लोग पूरी रात सतर्क रहे।
वनाग्नि की घटनाओं को देखते हुए फायर यूनिट हाई अलर्ट पर रही। फायर टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को आबादी तक पहुंचने से रोका, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
भूमियाधार और चंडिका रोड क्षेत्र में आग पर काबू पाने के लिए फायर टीमों ने वाटर टेंडर और लगातार पंपिंग ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों के अनुसार समय रहते कार्रवाई होने से आसपास की बस्तियों और करोड़ों रुपये की वन संपदा को बचा लिया गया।
गरुड़ क्षेत्र में भी ऐंचर गांव, सीमा बैंड कौसानी, मजकोट और लवली रेस्टोरेंट के पास लगी आग पर फायर टीम ने काबू पाया। आग बुझाने के लिए वाटर टेंडर, मिनी हाई प्रेशर पंप, फायर लाइन और पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल किया गया।
इसे भी पढ़ें – ऋषिकेश में बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप पर हंगामा, कार सवार युवकों की पिटाई
पुलिस और जिला प्रशासन ने लोगों से गर्मी के मौसम में जंगलों में आग रोकने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जानबूझकर जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
