बाजपुर कोतवाली के बाहर प्रेमी पर चप्पलों की बरसात, शादी से इनकार का आरोप

बाजपुर कोतवाली के बाहर प्रेमी पर चप्पलों की बरसात, शादी से इनकार का आरोप

ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में शनिवार को कोतवाली के बाहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक युवती ने शादी से इनकार करने का आरोप लगाते हुए अपने प्रेमी की चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया।

जानकारी के अनुसार, युवती बरेली चौकी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसका कई वर्षों से बाजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवक, युवती की बहन के पति का छोटा भाई है।

बताया गया कि दोनों परिवारों के बीच शादी की बातचीत भी हो चुकी थी और रिश्ते पर सहमति बन गई थी। हालांकि, बाद में युवक ने कथित तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि शादी से इनकार करने पर नाराज युवती ने बाजपुर कोतवाली के मुख्य द्वार के बाहर युवक का सामना किया और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। घटना के चलते कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अलग कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से दी जाने वाली शिकायत और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Negi

Share