बदरीनाथ हाईवे पर कार और टेंपो ट्रैवलर की टक्कर
चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक कार और टेंपो ट्रैवलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा कलेश्वर के पास हुआ, जिससे दोनों वाहनों में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय बदरीनाथ धाम से लौट रही एक कार सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर से टकरा गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वाहनों में सवार यात्रियों की सहायता की।
हादसे के कारण बदरीनाथ हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर लंगासू चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
लंगासू चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि कार में बदरीनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालु सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कलेश्वर के पास वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने से सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर से टक्कर हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा यात्रियों की सुरक्षा और स्थिति का जायजा लिया।
