अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, उत्तराखंड में 62 हजार से अधिक लोग अभियान से जुड़े

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, उत्तराखंड में 62 हजार से अधिक लोग अभियान से जुड़े

उत्तराखंड में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की ओर से पूरे राज्य में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय को केंद्र में रखकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

विभाग के अनुसार, राज्यभर में अब तक 2,800 से अधिक योग संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन गतिविधियों में 62 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया है।

जिला प्रशासनों के सहयोग से विद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और सरकारी कार्यालयों में नियमित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष “नमस्ते-योग” कार्यशालाएं भी संचालित की जा रही हैं, ताकि कार्यस्थल पर स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा दिया जा सके।

अभियान के तहत भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, पुलिस बलों, निजी संस्थानों और दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं “हरित योग” पहल के अंतर्गत प्रमुख ट्रेकिंग मार्गों, प्राकृतिक स्थलों, अमृत सरोवरों और गंगा तटों पर योग सत्र आयोजित कर लोगों को प्रकृति और स्वास्थ्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

जनभागीदारी बढ़ाने के लिए 15 जून से सभी जिलों में “रन फॉर योग” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्यभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम होंगे, जिनमें आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों की भागीदारी रहेगी।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल के चयन की प्रक्रिया फिलहाल जारी है।

विभाग डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग कर रहा है। योगपथ ऐप के जरिए प्रतिभागी विशेष आयुष फ्रेम के साथ अपनी योग गतिविधियों की फोटो और वीडियो साझा कर सकते हैं। वहीं योग वॉल पोर्टल पर राज्यभर में आयोजित योग कार्यक्रमों की झलक प्रदर्शित की जा रही है।

इसे भी पढ़ें – बागेश्वर के छनापानी में बकरी बचाने गई महिला पर गुलदार का हमला, पैर में गंभीर चोट

इसके अलावा, 14 जून को आयुष मंत्रालय की ओर से आयोजित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अभियान में भी लोगों को भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया है। इस ऑनलाइन पहल का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों से एक साथ सबसे अधिक लोगों को योग सत्र से जोड़ना है।

Saurabh Negi

Share