चारधाम मार्ग पर खाद्य जांच, ‘शाही जीरा’ पेय बाजार से हटाने के आदेश
चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मार्ग पर स्थित होटल, ढाबों और थोक विक्रेताओं पर सख्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और नियमों का उल्लंघन करने वालों को नोटिस जारी किए गए।
जांच के दौरान ‘शाही जीरा’ नामक पेय को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। बोतलों पर समाप्ति तिथि अंकित नहीं पाई गई, जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माता को उत्पाद बाजार से वापस लेने के निर्देश दिए। साथ ही अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम ने चिड़ियापुर क्षेत्र में नौ होटल, ढाबों और एक थोक विक्रेता की जांच की। एक प्रतिष्ठान पर वैध खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित न करने पर मौके पर ही नोटिस जारी कर दो दिन में सुधार के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने शीतल पेय पदार्थों सहित ‘शाही जीरा’ के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही निर्माता को बिक्री बिलों पर खाद्य लाइसेंस संख्या न देने और लेबलिंग में कमी को लेकर भी नोटिस दिया गया है। थोक विक्रेताओं को इस उत्पाद की बिक्री तुरंत बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा एक अन्य पेय निर्माता से बिना शर्करा और बिना कैलोरी होने के दावे से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि नगर क्षेत्र से दूध और खोया के नमूने भी लिए गए हैं। वहीं रुड़की से नारसन सीमा तक होटल और ढाबों की जांच कर दाल, पैकेज्ड पेयजल, मेयोनेज़ और बेसन के नमूने एकत्र किए गए।
इसे भी पढ़ें – हल्द्वानी हादसा: डंपर ने पुलिसकर्मी को कुचला, गंभीर हालत में हाथ काटना पड़ा
चारधाम यात्रा को देखते हुए विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
