कॉर्बेट के ढेला रेंज में हंगामा, वन चौकी की छत पर पेट्रोल लेकर चढ़ा युवक; वन कर्मियों पर मारपीट का आरोप

कॉर्बेट के ढेला रेंज में हंगामा, वन चौकी की छत पर पेट्रोल लेकर चढ़ा युवक; वन कर्मियों पर मारपीट का आरोप

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब एक युवक पेट्रोल की बोतल लेकर वन चौकी की छत पर चढ़ गया। युवक ने वन कर्मियों पर अपने चाचा और एक अन्य ग्रामीण के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तथा समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

जानकारी के अनुसार, ढेला गांव निवासी शिव गिरी और वन गुज्जर समुदाय के नंदू जंगल के पास लकड़ी लेने गए थे। आरोप है कि इस दौरान वन विभाग के एक वन दरोगा और दो दैनिक श्रमिक उन्हें पकड़कर ढेला वन चौकी ले गए। वहां वन अधिनियम के तहत उनका चालान कर जुर्माना वसूला गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि चालान की कार्रवाई के बाद वन कर्मियों ने दोनों के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर शिव गिरी का भतीजा चंदन गिरी पेट्रोल की बोतल लेकर वन चौकी पहुंचा और छत पर चढ़कर संबंधित कर्मचारियों के निलंबन और कार्रवाई की मांग करने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी रेंज कार्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस दौरान वन विभाग की एक महिला कर्मचारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अपशब्द कहे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली बातचीत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। वहीं, घायल पक्ष ने आरोपी वन कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को लिखित शिकायत भी सौंपी है।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Saurabh Negi

Share