देहरादून में 10 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, भारी बारिश के रेड अलर्ट के बीच डीएम का आदेश
देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 10 जुलाई के लिए देहरादून जिले में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली, गरज-चमक और तेज वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिला प्रशासनों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद देहरादून जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 10 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 10 जुलाई को एक दिन के लिए बंद रहेंगे।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी एजेंसियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। समय रहते जारी किए गए ऐसे एहतियाती कदम संभावित जनहानि और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

