हल्द्वानी में भाई से कहासुनी के बाद युवती ने गौला पुल से लगाई छलांग, लोगों की सतर्कता से बची जान

हल्द्वानी में भाई से मामूली कहासुनी के बाद 20 वर्षीय एक युवती ने गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की तत्परता से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे उपचार के लिए सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, युवती का परिवार मूल रूप से ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा का रहने वाला है। परिवार करीब पांच दिन पहले ही बनभूलपुरा क्षेत्र के इंदिरानगर छोटी रोड स्थित किराये के मकान में रहने आया था।

बताया गया कि बुधवार शाम युवती घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी अपने भाई से कहासुनी हो गई। परिजनों के अनुसार, विवाद मामूली था और उन्हें अंदेशा नहीं था कि युवती इस तरह का कदम उठा सकती है।

कथित तौर पर युवती रात करीब आठ बजे चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल पहुंची और वहां से नदी में छलांग लगा दी। पुल के आसपास मौजूद लोगों ने घटना देख तुरंत शोर मचाया और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सूचना मिलने पर बनभूलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना से पहले भाई-बहन के बीच मामूली विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है।

 

Saurabh Negi

Share