हरिद्वार में फर्जी शादी का जाल, महिला नकदी और जेवर लेकर फरार

हरिद्वार में फर्जी शादी का जाल, महिला नकदी और जेवर लेकर फरार

हरिद्वार में फर्जी शादी और भरोसे के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक मजदूर को लाखों रुपये का चूना लगा दिया गया। शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना में आरोपी महिला ने मंदिर में शादी का नाटक रचकर पीड़ित से पैसे और जेवर ठग लिए और फरार हो गई।

पुलिस के अनुसार लालजीवाला निवासी बाबूराम सैनी ने अदालत में दी शिकायत में बताया कि करीब आठ महीने पहले उसकी मुलाकात सविता नाम की महिला से हुई थी, जिसने खुद को सहारनपुर निवासी बताया। दोनों ने आपसी सहमति से मंदिर में शादी की और कुछ समय तक साथ रहे।

इसके बाद सविता ने अपने सहयोगी प्रवीण सिंह, निवासी कंकाल क्षेत्र के पंजानहेड़ी, के साथ मिलकर प्लॉट दिलाने का झांसा दिया। भरोसा कर बाबूराम ने दो चेक के माध्यम से 4-4 लाख रुपये ट्रांसफर किए और करीब 45 हजार रुपये नकद भी दिए।

आरोप है कि इसके बाद रजिस्ट्री को लेकर लगातार टालमटोल की जाती रही और फिर दोनों आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गए। पीड़ित ने यह भी बताया कि उसकी गैरमौजूदगी में सविता सोने-चांदी के जेवर, करीब 50 हजार रुपये नकद और प्लॉट से जुड़े दस्तावेज लेकर चली गई।

इसे भी पढ़ें – रामनगर–देहरादून रेल सेवा को मंजूरी, यात्रियों को मिलेगा सीधा सफर

प्रारंभ में पुलिस से संतोषजनक कार्रवाई न मिलने पर पीड़ित ने अदालत का रुख किया। न्यायालय के आदेश पर अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Negi

Share