बद्रीनाथ धाम में हृदयाघात से दो श्रद्धालुओं की मौत, संख्या बढ़कर तीन हुई
बद्रीनाथ धाम में यात्रा के दौरान हृदयाघात से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिससे अब तक कुल मृतकों की संख्या तीन पहुंच गई है। दोनों श्रद्धालु महाराष्ट्र के निवासी थे और चारधाम यात्रा के लिए धाम पहुंचे थे।
मृतकों की पहचान सुरेश मोतीराम नेमाडे (60), निवासी पटोदा आलमपुर, और मखनलाल जगन्नाथ कोठारी (70), निवासी चंद्रपुर के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार उच्च हिमालयी क्षेत्र में यात्रा के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर दोनों को तुरंत बद्रीनाथ धाम स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बद्रीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि इससे पहले 30 अप्रैल को मुंबई निवासी बसंत राम पुराडकर (75) की भी तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
इसे भी पढ़ें – हरिद्वार में फर्जी शादी का जाल, महिला नकदी और जेवर लेकर फरार
चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती ऊंचाई और मौसम के प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी सामने आ रहे हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच कराएं और सावधानी बरतें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

