हरिद्वार के पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, जंगल में दफन मिले शव; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार के पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, जंगल में दफन मिले शव; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि हत्या के बाद दोनों के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिए गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने खुदाई कर दोनों शव बरामद किए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मंदिर के एक सेवादार ने सूचना दी कि मंदिर में रहने वाले साधु सेवा गिरी और उत्तम गिरी कुछ समय से लापता हैं। उसने अनहोनी की आशंका जताई, जिसके बाद पथरी थाना प्रभारी रवींद्र सिंह पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे।

जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर के निकट जंगल में एक संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई, जहां गड्ढे में दोनों साधुओं के शव दबे मिले। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण और समय का पता लगाया जाएगा।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों साधुओं की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उनके शव जंगल में दफनाए गए। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को सभी फोरेंसिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र करने के निर्देश दिए।

पुलिस को संदेह है कि घटना से दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधु इस वारदात में शामिल हो सकते हैं। घटना के बाद से तीनों संदिग्ध फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

Saurabh Negi

Share