काशीपुर में दर्दनाक हादसा: पानी से भरे खाली प्लॉट में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत

काशीपुर में दर्दनाक हादसा: पानी से भरे खाली प्लॉट में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत

ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर स्थित महादेव कॉलोनी में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पानी से भरे एक खाली प्लॉट में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे बारिश का पानी जमा होने से बने जलभराव वाले खाली प्लॉट में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग दोनों बच्चों को तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार पंकज चंदोला मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। स्थानीय प्रशासन ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने बारिश के दौरान पानी से भरने वाले खाली प्लॉटों को सुरक्षित करने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्थान बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन जाते हैं और इन्हें सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं तथा हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Saurabh Negi

Share