उत्तराखंड का अपना विमानन प्रशिक्षण संस्थान बनेगा, मुख्य सचिव ने सभी जिलों तक हवाई संपर्क बढ़ाने के दिए निर्देश
उत्तराखंड सरकार ने राज्य में विमानन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपना विमानन प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को ऊधमसिंह नगर के पराग फार्म में संस्थान स्थापित करने की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर सेवाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने राज्यभर में हेलीपोर्ट और हेलिपैड का नेटवर्क मजबूत करने तथा देहरादून से सभी जिला मुख्यालयों को नियमित हवाई सेवा से जोड़ने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पौड़ी जिले को भी नियमित हवाई संपर्क से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को लैंसडाउन के लिए भी हवाई संपर्क की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि यह क्षेत्र प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और बेहतर हवाई सुविधा से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ में हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) व्यवस्था स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। इसके तहत राज्य सरकार आवश्यक निर्माण कार्य करेगी, जबकि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण तकनीकी सहयोग और मानव संसाधन उपलब्ध कराएगा। साथ ही राज्य में अन्य स्थानों पर भी एटीसी सुविधाओं के विस्तार के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ समन्वय बनाने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने उड़ानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विमानन केंद्रों पर स्वचालित मौसम केंद्र और पीटीजेड निगरानी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग के साथ समन्वय कर कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
उन्होंने दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए नए हेलीपोर्ट और हेलिपैड विकसित करने के निर्देश भी दिए। बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए गुंजी और आदि कैलाश क्षेत्र में हवाई पट्टी अथवा हेलीपोर्ट की स्थापना की संभावनाएं तलाशने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तार कार्य की समीक्षा करते हुए कुमाऊं क्षेत्र के लिए समग्र हवाई संपर्क योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा केंद्र सरकार की उड़ान 2.0 योजना के तहत राज्य के सभी जिलों के लिए नए हवाई मार्गों का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।
