भैरवनाथ मंदिर के पास बोल्डर गिरने से केदारनाथ यात्रा रोकी गई, गौरीकुंड से श्रद्धालुओं को लौटाया गया
रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार सुबह केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई। जंगलचट्टी क्षेत्र में भैरवनाथ मंदिर के पास पैदल मार्ग पर भारी बोल्डर गिरने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर गौरीकुंड से आगे श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
जिला प्रशासन के अनुसार गुरुवार रात लगातार बारिश के कारण भैरवनाथ मंदिर के समीप पैदल मार्ग पर बड़े-बड़े बोल्डर गिर गए, जिससे यात्रा मार्ग असुरक्षित हो गया। इसके बाद आयुक्त के निर्देश पर प्रभावित मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने तक यात्रा स्थगित कर दी गई।
घटना के बाद पुलिस, जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ) और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। मार्ग से बोल्डर हटाने और क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण करने का कार्य जारी है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पैदल मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। मार्ग सुरक्षित होने और संबंधित विभागों की अनुमति मिलने के बाद ही केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें और अगली सूचना तक केदारनाथ की यात्रा के लिए रवाना न हों। यात्रा पर जाने से पहले प्रशासन की ओर से जारी अपडेट की जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है।
