केदारनाथ: चिरबासा के पास पहाड़ी से गिरा बोल्डर, महिला तीर्थयात्री की मौत; भारी बारिश में दो घंटे रोकी गई यात्रा

केदारनाथ: चिरबासा के पास पहाड़ी से गिरा बोल्डर, महिला तीर्थयात्री की मौत; भारी बारिश में दो घंटे रोकी गई यात्रा

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल मार्ग पर चिरबासा के पास मंगलवार को पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्री केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची। घायल यात्री को रेस्क्यू कर उपचार के लिए गौरीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया। मृत महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग लाया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार मृतका की पहचान 25 वर्षीय अंजलि, पत्नी सचिन, निवासी शालीमार बाग, दिल्ली के रूप में हुई है। घायल यात्री की पहचान 34 वर्षीय शिदप्पा, निवासी नूगारल गांव, कर्नाटक के रूप में हुई है।

हादसा गौरीकुंड से करीब चार किलोमीटर आगे चिरबासा के पास हुआ। बताया गया कि तीर्थयात्री पैदल मार्ग से गुजर रहे थे, तभी अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। इसी दौरान एक बोल्डर अंजलि के ऊपर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य यात्री भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गया।

हादसे के बाद प्रशासन ने पैदल मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी है। यात्रियों से मौसम और पहाड़ी मार्ग की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने तथा सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

भारी बारिश के चलते सोनप्रयाग में रोके गए 400 से अधिक यात्री

मंगलवार को केदारनाथ धाम क्षेत्र में भारी बारिश के चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर करीब दो घंटे तक यात्रा रोक दी। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच 400 से अधिक यात्रियों को सोनप्रयाग में रोककर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

मौसम में सुधार के बाद करीब 12:30 बजे यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई। इसके बाद यात्रियों को केदारनाथ की ओर जाने की अनुमति दी गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ धाम क्षेत्र और पैदल मार्ग पर भारी बारिश को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया था। यात्रा शुरू होने के बाद भी सुरक्षा और आपदा प्रबंधन दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से खराब मौसम में अनावश्यक जोखिम नहीं लेने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Saurabh Negi

Share