भाजपा उत्तराखंड: महेंद्र भट्ट दूसरी बार बने प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा की उत्तराखंड इकाई में एक बार फिर से महेंद्र भट्ट की ताजपोशी तय हो गई है। लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने जा रहे भट्ट को इस पद के लिए किसी अन्य नेता ने चुनौती नहीं दी। सोमवार को हुई नामांकन प्रक्रिया में केवल भट्ट ने ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। आज प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा इसके औपचारिक ऐलान के साथ-साथ राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के चयन की भी घोषणा करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में भट्ट ने अपना नामांकन प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास को सौंपा। सभी पांच नामांकन सेटों में प्रस्तावकों में सीएम धामी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट और अजय टम्टा शामिल रहे। इसके अलावा कई विधायक और वरिष्ठ नेता प्रस्तावकों की सूची में रहे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भट्ट भाजपा के 10वें प्रदेश अध्यक्ष बन जाएंगे और लगातार दो बार इस पद को संभालने वाले पहले नेता भी। इससे पहले किसी भी प्रदेश अध्यक्ष को दोबारा यह जिम्मेदारी नहीं मिली।
इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025: पहली बार ऑनलाइन आएंगे नतीजे, बदली कई व्यवस्थाएं
राष्ट्रीय परिषद के लिए भी निर्विरोध चयन
राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, डॉ. धन सिंह रावत, अजय भट्ट, अजय टम्टा, माला राज्य लक्ष्मी शाह और कल्पना सैनी का नाम तय हो गया है। सभी वरिष्ठ नेताओं ने नामांकन किया, जिनका चयन अब औपचारिक ऐलान भर रह गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि महेंद्र भट्ट के कार्यकाल में पार्टी ने लगातार चुनावों में सफलता पाई है और संगठन का विस्तार हुआ है। उन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता से अध्यक्ष पद तक की यात्रा की है और संगठन को दिशा देने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं, सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र पार्टी है जहां बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया अपनाई जाती है।
अब तक के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
नाम | कार्यकाल |
---|---|
पूरन चंद शर्मा | 2000-2002 |
मनोहर कांत ध्यानी | 2002-2004 |
भगत सिंह कोश्यारी | 2004-2007 |
बची सिंह रावत | 2007-2009 |
बिशन सिंह चुफाल | 2009-2013 |
तीरथ सिंह रावत | 2013-2015 |
बंशीधर भगत | 2020-2021 |
मदन कौशिक | 2021-2022 |
महेंद्र भट्ट | 2022 से अब तक |
अपडेट – भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर महेंद्र भट्ट का लगातार दूसरी बार चुना गया है। आज मंगलवार को प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के निर्वाचित होने का औपचारिक ऐलान किया।
प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्य ने राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से मुलाकात की और दोबारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर उन्हें बधाई दी।