नैनीताल के कृष्णापुर में चट्टान से दहशत, प्रशासनिक देरी पर सड़क जाम
नैनीताल के कृष्णापुर क्षेत्र में एक विशाल चट्टान खिसकने से लोगों में दहशत फैल गई। चट्टान का एक हिस्सा टूटकर रिहायशी इलाके के करीब पहुंच गया, जिससे आसपास के घरों को गंभीर खतरा पैदा हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह चट्टान लंबे समय से खतरा बनी हुई थी। हाल ही में इसका हिस्सा टूटकर नीचे आ गया, जिससे एक कार और दो दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। चट्टान का बचा हुआ हिस्सा अब भी इलाके के लिए जोखिम बना हुआ है।
सोमवार रात तहसील प्रशासन और पुलिस ने खतरे को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। कई परिवारों ने घर छोड़कर पास के मंदिर में रात बिताई। प्रशासन ने भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
मंगलवार सुबह विस्थापित लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें न तो भोजन मिला और न ही पानी। मौके पर कोई ठोस कार्यवाही भी शुरू नहीं हुई थी, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
घंटों इंतजार के बाद गुस्साए लोगों ने हल्द्वानी रोड को करीब 15 मिनट तक जाम कर दिया। इसके बाद एसडीएम नवाजिश खालिक मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं।
स्थानीय लोगों ने चट्टान को सुरक्षित करने, वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था और प्रभावित परिवारों के लिए उचित सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।
इसे भी पढ़ें – पिथौरागढ़ में तेज तूफान का कहर, वन चौकी की छत उड़ी, अधिकारी बाल-बाल बचे
प्रशासन द्वारा आश्वासन मिलने के बाद स्थिति सामान्य हुई और एसडीएम ने क्षेत्र का निरीक्षण भी किया।

