पिथौरागढ़ में तेज तूफान का कहर, वन चौकी की छत उड़ी, अधिकारी बाल-बाल बचे
पिथौरागढ़ जिले में आए तेज तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया है। गनाई गंगोली क्षेत्र के तपोवन स्थित वन विभाग की चौकी की छत तेज हवाओं में उड़ गई, जिससे अंदर मौजूद अधिकारी की जान पर बन आई। जानकारी के अनुसार वन अधिकारी शैलेश बम घटना के समय कमरे के अंदर मौजूद थे। अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और छत की चादरें उड़ गईं। इसी दौरान दीवारों से पत्थर भी गिरने लगे, जिससे स्थिति बेहद खतरनाक हो गई।
खुद को बचाने के लिए अधिकारी ने खिड़की पकड़कर दीवार से सटकर खड़े होकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस दौरान चौकी में रखा लैपटॉप समेत अन्य सरकारी सामान मलबे में दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।घटना की सूचना मिलने पर गणेश सिंह, कमल सिंह और वन आरक्षक आर.एस. राणा मौके पर पहुंचे और राहत कार्य चलाया। अधिकारी और बचे हुए सामान को फिलहाल तपोवन स्टेशन में सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें – बद्रीनाथ धाम में हृदयाघात से दो श्रद्धालुओं की मौत, संख्या बढ़कर तीन हुई
इस घटना की सूचना तहसील प्रशासन और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। तेज तूफान से हुई इस घटना ने चौकी भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

