नैनीताल के पास सरिता ताल झील में गिरी पर्यटकों की कार, बड़ा हादसा टला
नैनीताल – नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया, जब पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर सरिता ताल झील में जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों पर्यटक सुरक्षित बच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार कार नैनीताल से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। सरिता ताल के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे ढलान की ओर लुढ़कते हुए झील में जा गिरी।
कार में मुरादाबाद निवासी आलम, बुलंदशहर निवासी उमर और दो महिलाएं सवार थीं। सभी पर्यटक नैनीताल घूमने आए थे और वापस लौट रहे थे।
स्थानीय निवासी अभय बावड़ी ने बताया कि हादसे के बाद कुछ लोग खुद ही वाहन से बाहर निकल आए, जबकि दो अन्य को आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी पर्यटक वहां से जा चुके थे। मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी लोग सुरक्षित हैं।
पुलिस की निगरानी में झील में डूबी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन के अनियंत्रित होना माना जा रहा है।
