ऋषिकेश में गंगा में नहाते समय नोएडा का युवक बहा, एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च अभियान

ऋषिकेश में गंगा में नहाते समय नोएडा का युवक बहा, एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च अभियान

ऋषिकेश – मुनिकीरेती-तपोवन क्षेत्र स्थित साईं घाट पर गंगा में नहाते समय नोएडा का एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण के अनुसार स्थानीय पुलिस, प्रत्यक्षदर्शियों और युवक के साथियों से सूचना मिलने के तुरंत बाद टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से सात युवकों का समूह घूमने के लिए ऋषिकेश आया था। सभी लोग साईं घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान नोएडा निवासी शौर्य नागर गंगा में तैरने लगा, लेकिन कुछ ही देर में वह तेज धारा और गहरे पानी की चपेट में आ गया।

लापता युवक की पहचान 20 वर्षीय शौर्य नागर पुत्र किशनपाल निवासी बिसरख जलालपुर, गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते नदी में ओझल हो गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

एसडीआरएफ की टीम साईं घाट और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चला रही है। अधिकारियों ने कहा कि युवक का पता लगने तक खोज अभियान जारी रहेगा।

Saurabh Negi

Share