पिथौरागढ़ में सड़क किनारे मिला युवक का खून से लथपथ शव, हत्या का मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ जिले की डीडीहाट तहसील में सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की मां की तहरीर पर एक वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात डूनाकोट मार्ग पर कफलवा मोड़ के पास राहगीरों ने एक युवक को गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। रात करीब 11:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 37 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चौहान निवासी ग्राम हुनेरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना के बजाय हत्या का प्रतीत होता है। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मृतक की मां ने डीडीहाट थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि एक वाहन चालक ने उनके बेटे की हत्या की है। उन्होंने बताया कि भूपेंद्र सिंह चौहान दिन में डीडीहाट बाजार गया था और लौटते समय आरोपी चालक के साथ वाहन में सवार था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी उमेश मलिक ने बताया कि मृतक के शरीर पर मिले चोटों के निशान हत्या की ओर संकेत करते हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
