राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आईएमए पासिंग आउट परेड में होंगी मुख्य अतिथि, महिला कैडेट भी बनेंगी हिस्सा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आईएमए पासिंग आउट परेड में होंगी मुख्य अतिथि, महिला कैडेट भी बनेंगी हिस्सा

देहरादून – भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 12 और 13 जून को देहरादून के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी में आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम के अनुसार, पासिंग आउट परेड 13 जून की सुबह 7:30 बजे आयोजित होगी। इसमें 158वें नियमित पाठ्यक्रम और 141वें तकनीकी स्नातक पाठ्यक्रम के कैडेट अपना प्रशिक्षण पूरा कर अकादमी से पास आउट होंगे।

इस वर्ष की परेड विशेष महत्व रखती है क्योंकि इसमें महिला कैडेट भी हिस्सा लेंगी। अकादमी इसे अपने इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव मान रही है। इसे सशस्त्र बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के रूप में भी देखा जा रहा है। पासिंग आउट परेड सैन्य प्रशिक्षण की सफल पूर्णता का प्रतीक होती है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कैडेट भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में नियुक्त होकर देश के विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं देंगे।

अकादमी में कार्यक्रम की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। कैडेट लगातार ड्रिल और मार्चिंग का अभ्यास कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी विशेष प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से परेड को त्रुटिरहित बनाने और सैन्य अनुशासन के उच्च मानकों को बनाए रखने पर जोर दे रहे हैं।

इसे भी पढ़ें – हरिद्वार में कांवड़ यात्री को गोली मारने से सनसनी, गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था श्रद्धालु

Indian Military Academy की स्थापना 1 अक्टूबर 1932 को हुई थी। इसका उद्घाटन फील्ड मार्शल Sir Philip Chetwode ने किया था। स्थापना के समय अकादमी में 40 जेंटलमैन कैडेटों को प्रशिक्षण देने की क्षमता थी, जो अब बढ़कर लगभग 1,650 जेंटलमैन कैडेटों तक पहुंच चुकी है। अकादमी से अब तक 64 हजार से अधिक कैडेट प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सशस्त्र बलों में विभिन्न भूमिकाओं में देश की सेवा कर चुके हैं।

Saurabh Negi

Share