हरिद्वार में कांवड़ यात्री को गोली मारने से सनसनी, गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था श्रद्धालु

हरिद्वार में कांवड़ यात्री को गोली मारने से सनसनी, गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था श्रद्धालु

हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में रविवार देर रात एक कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना सामने आई है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने करीब दस साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल लौट रहे थे। समूह 221 लीटर गंगाजल वाली विशेष कांवड़ यात्रा निकाल रहा था। देर रात होने के कारण सभी श्रद्धालु गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे विश्राम कर रहे थे।

इसी दौरान पास के एक ओवरब्रिज पर मौजूद कुछ युवकों से कांवड़ यात्रियों की कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोर-शराबे को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द ही बढ़ गया। आरोप है कि कुछ युवक पुल से नीचे आए और दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी।

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोली अजय के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। बाद में चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि जल्दबाजी में वे अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

इसे भी पढ़ें – गंगोत्री धाम जा रही दिल्ली के श्रद्धालुओं की कार नाले में गिरी, मासूम समेत चार घायल

मौके पर नगर क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी और कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत सहित वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Saurabh Negi

Share