ऋषिकेश-कर्णप्रयाग हाईवे पर खाई में गिरी बाइक, असम के युवक की मौत

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग हाईवे पर खाई में गिरी बाइक, असम के युवक की मौत

कर्णप्रयाग (चमोली)। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को गालनौं क्षेत्र के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में असम के एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार बाइक करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

कोतवाली प्रभारी विनोद थपलियाल ने बताया कि हादसे में जोरहाट, असम निवासी 25 वर्षीय सोम बोस्या पुत्र रॉबिन बोस्या की मौत हो गई। वहीं बक्सर, बिहार निवासी 25 वर्षीय ऋतिक पुत्र धनंजय गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए उन्हें उप जिला अस्पताल कर्णप्रयाग पहुंचाया गया।

अधिकारियों के अनुसार दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ देहरादून से बदरीनाथ धाम की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गालनौं के पास ढलान वाले हिस्से में बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर से टकराने के बाद खाई में गिर गई।

इसे भी पढ़ें – चमोली में लगातार धधक रहे जंगल, वन्यजीव आबादी की ओर आने से बढ़ी चिंता

बताया गया कि घायल ऋतिक खाई में चट्टानों और पेड़ के बीच फंस गया था, जबकि सोम बोस्या अधिक गहराई में गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

उप जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीपी पुरोहित ने बताया कि सोम बोस्या को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल युवक का उपचार जारी है।

Saurabh Negi

Share