रुड़की में 5 करोड़ रुपये की हाईटेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन, खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
रुड़की: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए गए हाईटेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बने इस परिसर से क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेडमिल पर दौड़ लगाई और जिम में भी समय बिताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद बच्चों और युवा खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी खेल संबंधी आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल देवभूमि ही नहीं बल्कि खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा जीते गए 103 पदकों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेट समेत कई खेलों में प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं और यह नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स रुड़की के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि रुड़की में जल्द ही आईएसबीटी की तर्ज पर नया बस टर्मिनल बनाया जाएगा। इसके साथ ही बाईपास से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन पुल परियोजना अगले दो से तीन महीनों में पूरी होने की संभावना है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एचआरडीए सचिव प्रत्युष सिंह, संयुक्त सचिव दीपक रामचंद्र शेट समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
