कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर हादसा, सड़क चौड़ीकरण के दौरान बोल्डर गिरने से बोलेरो दब गई, एक की मौत
पौड़ी: कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। सतपुली के पास सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से एक बोलेरो वाहन दब गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना दोपहर करीब तीन बजे सतपुली-मल्ली मार्ग पर हुई। गाजियाबाद नंबर की बोलेरो गुमखाल से सतपुली की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क चौड़ीकरण कार्य के बीच अचानक पहाड़ी से विशाल बोल्डर नीचे आ गिरा और सीधे वाहन पर जा गिरा। बोल्डर की चपेट में आने से बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में चालक के बगल में बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर वाहन के अंदर फंस गए।
सूचना मिलने पर सतपुली पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने संयुक्त अभियान चलाकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला। थाना प्रभारी अनिल चौहान ने बताया कि एक घायल वाहन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए कटर मशीन से बोलेरो को काटना पड़ा।
दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय श्रीकांत के रूप में हुई है, जो केरल का निवासी था। घायलों की पहचान 61 वर्षीय सरनजीत निवासी दिल्ली और उदय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था। तीनों गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मृतक और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों और सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।
पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण और चौड़ीकरण कार्य के दौरान इस तरह की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
