सिमली बेस अस्पताल को लेकर महापंचायत की चेतावनी, 15 अगस्त तक आदेश नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

सिमली बेस अस्पताल को लेकर महापंचायत की चेतावनी, 15 अगस्त तक आदेश नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

चमोली – सिमली में महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल के रूप में संचालित करने की मांग को लेकर आयोजित महापंचायत में क्षेत्रवासियों ने सरकार को 15 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई कि यदि तब तक अस्पताल को लेकर शासनादेश जारी नहीं हुआ और अस्पताल संचालित नहीं किया गया तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

सिमली बनतोली में मनीष डिमरी की अध्यक्षता में आयोजित महापंचायत में 60 से अधिक ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभा में सरकार की घोषणा के बावजूद कार्रवाई में हो रही देरी पर नाराजगी जताई गई।

समिति अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सिमली में बेस अस्पताल की मांग वर्ष 2012 से लंबित है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक इसे जमीन पर लागू नहीं किया गया।

जिला पंचायत सदस्य विक्रम कठैत ने कहा कि इस मुद्दे को कई बार मुख्यमंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने उठाया जा चुका है, लेकिन क्षेत्र की जनता अभी भी ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रही है।

महापंचायत में कापरी संघर्ष समिति अध्यक्ष खिलदेव रावत, छंतोली के सोहन सिंह, जसयारा की नीलम जुयाल, बूंगा की पूर्व प्रधान संतोषी कनवासी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सगोई और यूकेडी नेता आशीष नेगी सहित कई वक्ताओं ने अस्पताल को जल्द मंजूरी देकर संचालन शुरू करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि लगातार देरी होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि सात अप्रैल को हुई विधानसभा समीक्षा बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई थी, जिसके बाद शासन स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने जनता की मांग स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि 15 अगस्त तक शासनादेश जारी कर दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें – ऋषिकेश में गंगा में नहाते समय नोएडा का युवक बहा, एसडीआरएफ ने शुरू किया सर्च अभियान

महापंचायत के दौरान समिति का विस्तार भी किया गया। नरेंद्र टोपल शास्त्री, जसयारा ग्राम प्रधान पुष्पा जुयाल और छंतोली महिला मंगल दल अध्यक्ष सुनीता देवी को पदेन उपाध्यक्ष बनाया गया। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष एसपी बहुगुणा, सचिव प्रकाश सेमवाल, हेमंत टकोला, बीएन डिमरी, पृथ्वी सिंह और उमेश खंडूड़ी सहित कई लोग मौजूद रहे।

Saurabh Negi

Share