छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी, 29 सितंबर को मतदान और उसी दिन परिणाम
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर चंद्रबदनी, नैखरी में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 की अधिसूचना जारी कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव की तैयारियां पूरी करते हुए पूरा कार्यक्रम जारी किया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को शाम 4 बजे चुनाव की अधिसूचना जारी की गई। 23 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। इसके बाद 24 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी।
26 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी होगी। इसी दिन दोपहर 12:30 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। शाम 4 बजे वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।
29 सितंबर को मतदान और मतगणना
छात्रसंघ चुनाव के लिए 29 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 2 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।
मतगणना पूरी होते ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। इस तरह मतदान, मतगणना, परिणाम और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया एक ही दिन पूरी होगी।
चुनाव अधिकारी अरविंद सिंह राणा ने बताया कि चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराने के लिए महाविद्यालय प्रशासन ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सूचना भेज दी है।
