उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में UKPSC का बड़ा बदलाव, अब दो चरणों में दर्ज होंगी आपत्तियां

उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में UKPSC का बड़ा बदलाव, अब दो चरणों में दर्ज होंगी आपत्तियां

देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने भर्ती परीक्षाओं के लिए नई ऑनलाइन आपत्ति प्रणाली लागू कर दी है। UKPSC भर्ती परीक्षा आपत्ति प्रक्रिया के तहत अब अंतिम परिणाम जारी करने से पहले अभ्यर्थियों को दो चरणों में आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। आयोग का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाना है।

नई व्यवस्था के अनुसार परीक्षा के बाद आयोग अपनी वेबसाइट पर सबसे पहले ए-सीरीज प्रश्नपत्र अपलोड करेगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को प्रश्नों, उत्तर विकल्पों या उनकी संरचना पर सात दिनों के भीतर नि:शुल्क ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।

पहले चरण में प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद आयोग प्रोविजनल आंसर-की जारी करेगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को सात दिन का एक और अवसर मिलेगा, जिसमें वे प्रति प्रश्न 50 रुपये शुल्क जमा कर उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कर सकेंगे। इन आपत्तियों की जांच विषय विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी।

विशेषज्ञ समिति की संस्तुतियों के आधार पर अंतिम आंसर-की तैयार की जाएगी। इसी अंतिम आंसर-की के आधार पर परीक्षा परिणाम घोषित होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम आंसर-की और परीक्षा परिणाम एक साथ जारी किए जाएंगे।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोनों चरणों में आपत्तियां केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी। ऑफलाइन या किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी आपत्तियों के साथ आवश्यक साक्ष्य भी उपलब्ध कराएं।

Saurabh Negi

Share