बागेश्वर में यूरेडा परियोजना अधिकारी 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बागेश्वर में यूरेडा के एक परियोजना अधिकारी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता ने हल्द्वानी सेक्टर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके सौर ऊर्जा परियोजनाओं से संबंधित चार संयुक्त निरीक्षण प्रतिवेदन लंबे समय से यूरेडा कार्यालय में लंबित हैं। आरोप था कि परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल प्रत्येक फाइल के निस्तारण के लिए 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, चारों फाइलों के लिए आरोपी अधिकारी ने कुल 40 हजार रुपये की मांग की। रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान से कार्रवाई की मांग की।
शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी सेक्टर के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
शुक्रवार को सतर्कता टीम ने बागेश्वर स्थित यूरेडा कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये दिए, टीम ने उन्हें रिश्वत की रकम के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी धीरेंद्र सिंह पटवाल नैनीताल जिले के रामनगर स्थित पीरूमदारा के राजनगर क्षेत्र के निवासी हैं।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
