उत्तराखंड में जूडो, तलवारबाजी और योगासन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू
देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार 14 सितंबर से जूडो, तलवारबाजी और योगासन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू हो गईं। ये प्रतियोगिताएं युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से सीधे आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के पहले चरण का हिस्सा हैं। देहरादून के आमवाला स्थित बहुउद्देशीय खेल भवन में जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। वहीं, रायपुर स्थित महाराणा प्रताप खेल महाविद्यालय में तलवारबाजी प्रतियोगिता शुरू हुई। हरिद्वार के रोशनाबाद में योगासन प्रतियोगिता का भी उद्घाटन किया गया।
आमवाला में जूडो प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग भार वर्गों के खिलाड़ियों का वजन कराया गया। इसके बाद पहले दौर के मुकाबले शुरू हुए। वहीं, महाराणा प्रताप खेल महाविद्यालय में 14 और 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की तलवारबाजी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने आमवाला पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। हरिद्वार में आपदा प्रबंधन एवं पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक ने रोशनाबाद में योगासन प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। रेखा आर्या ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच देती हैं। इनके माध्यम से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की पहचान होती है और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलता है। उन्होंने बच्चों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है और खिलाड़ी इन सुविधाओं का उपयोग अपनी प्रतिभा निखारने के लिए कर रहे हैं।
तलवारबाजी में सार्थक जैन ने जीता स्वर्ण
महाराणा प्रताप खेल महाविद्यालय में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक फॉयल वर्ग में सार्थक जैन ने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। आदित्य सिंह पुंडीर दूसरे स्थान पर रहे। मंथन पंत और श्लोक मेहता ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। सार्थक जैन और मंथन पंत देहरादून के हैं, जबकि आदित्य सिंह पुंडीर ऊधमसिंह नगर जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
प्रतियोगिताओं में विभागीय अधिकारियों और खेल प्रशासकों समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अपर निदेशक आरसी डिमरी, संयुक्त निदेशक अजय कुमार अग्रवाल, उप निदेशक शक्ति सिंह और एसके जयराज शामिल रहे। सहायक निदेशक दीप्ति जोशी और राजेश ममगाईं, महाविद्यालय की प्रधानाचार्य शबाली गुरंग, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडे और जिला खेल अधिकारी रविंद्र भंडारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न आयु और वर्गों में प्रतियोगिताएं जारी हैं। निर्णायक मंडल में सविता गुरंग, किरण नेगी, कल्याण चौहान और संदीप दुकलान समेत अन्य निर्णायक शामिल हैं।
