चमोली के वायुसेना जवान आशीष जुयाल का अचानक निधन, पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
चमोली जिले के देवाल विकासखंड के कोठी गांव निवासी 37 वर्षीय वायुसेना जवान आशीष जुयाल का अचानक निधन हो गया। गुरुवार को उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव लाया गया, जहां गमगीन माहौल में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आशीष की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें 12 सितंबर को पालम स्थित सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 15 सितंबर की रात उनका निधन हो गया। जवान के निधन की खबर से कोठी गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा
गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे वायुसेना के जवान आशीष का पार्थिव शरीर लेकर कोठी गांव पहुंचे। तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजन भावुक हो गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
ग्रामीणों ने नम आंखों से आशीष को अंतिम विदाई दी। इस दौरान वायुसेना के वारंट अधिकारी संजय कुमार और स्थानीय विधायक भूपाल राम टम्टा सहित अन्य लोगों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मां, पत्नी और छह वर्षीय बेटी को छोड़ गए आशीष
आशीष जुयाल अपने पीछे मां देवेश्वरी, पत्नी संध्या और छह वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार के साथ गांव में भी शोक का माहौल है। आशीष का अंतिम संस्कार उनके पैतृक घाटबगड़ श्मशान घाट पर किया गया। वायुसेना के जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी।
