नए साल में पहला उत्तराखंड ट्रैवल कॉन्क्लेव, देशभर में रोडशो की तैयारी

नए साल में पहला उत्तराखंड ट्रैवल कॉन्क्लेव, देशभर में रोडशो की तैयारी

उत्तराखंड में पहली बार उत्तराखंड ट्रैवल कॉन्क्लेव का आयोजन नए साल में किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। कॉन्क्लेव का उद्देश्य राज्य को वेडिंग टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और जिम्मेदार पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

शनिवार को उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की बैठक सीईओ और सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ट्रैवल कॉन्क्लेव के आयोजन को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। यह राज्य के इतिहास में पहली बार होगा जब पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा।

दो दिवसीय बी2बी कॉन्क्लेव का आयोजन इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के सहयोग से किया जाएगा। इसमें होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन, उत्तराखंड टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन, टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड और एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि यह कॉन्क्लेव उत्तराखंड को वेडिंग टूरिज्म, साहसिक गतिविधियों और सतत पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन से जुड़े हितधारकों के बीच नेटवर्किंग मजबूत होगी।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड के स्कूलों में गीता श्लोक पाठ अनिवार्य, राज्य पाठ्यक्रम ढांचे में शामिल

कॉन्क्लेव में देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स, वेडिंग प्लानर्स, इवेंट और कॉन्सर्ट आयोजक तथा एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े संगठनों को अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वेडिंग टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन तथा जिम्मेदार पर्यटन पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

पर्यटन विभाग की ओर से कॉन्क्लेव और उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देशभर में रोडशो आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है।

Saurabh Negi

Share