बदरीनाथ धाम पहुंचे उद्धव और कुबेर की प्रतिमाएं, कल खुलेंगे मंदिर के कपाट

बदरीनाथ धाम पहुंचे उद्धव और कुबेर की प्रतिमाएं, कल खुलेंगे मंदिर के कपाट

बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले तैयारियों का अंतिम चरण पूरा हो गया है। भगवान बदरी विशाल के प्रतिनिधि माने जाने वाले उद्धव जी और कुबेर जी की उत्सव प्रतिमाएं योगध्यान बदरी मंदिर से बदरीनाथ धाम पहुंच गई हैं।

यह यात्रा सुबह योगध्यान बदरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुई। इस दौरान भगवान बदरी विशाल की उत्सव डोली, आदि शंकराचार्य की गद्दी, गाडू घड़ा (पवित्र तेल कलश), रावल और अन्य धार्मिक प्रतीक भी शामिल रहे।

यात्रा के दौरान विष्णुप्रयाग, लांबागढ़ और हनुमान चट्टी जैसे प्रमुख पड़ावों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने डोली का स्वागत किया। पूरे मार्ग में “जय बदरी विशाल” के जयकारों और सेना के बैंड की धुनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे मार्ग पर विशेष इंतजाम किए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शीतकाल के दौरान उद्धव जी और कुबेर जी की प्रतिमाएं पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर में विराजमान रहती हैं।

इसे भी पढ़ें – केदारनाथ दर्शन नियम सख्त, सभा मंडप से ही होंगे अब दर्शन

इन प्रतिमाओं के बदरीनाथ धाम पहुंचने के साथ ही मंदिर के कपाट खुलने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा के शुभारंभ का इंतजार कर रहे हैं।

Saurabh Negi

Share