रुद्रप्रयाग में स्कूल मार्ग पर भालू दिखने से दहशत, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

रुद्रप्रयाग में स्कूल मार्ग पर भालू दिखने से दहशत, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

रुद्रप्रयाग जिले के चिंगवाड़ गांव क्षेत्र में मंगलवार सुबह स्कूल जाने वाले मार्ग पर भालू दिखने से दहशत फैल गई। लाटधार तोक क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा के चलते बच्चों को वापस घर लौटना पड़ा, जिससे वे स्कूल नहीं जा सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब आठ बजे चिंगवाड़ गांव से सरकारी इंटर कॉलेज पीड़ा जा रहे बच्चों और उनके परिजनों ने सड़क किनारे पेड़ पर भालू को बैठा देखा। बच्चों में प्रियांशु और सचिन भी शामिल थे। जब लोगों ने शोर मचाकर भालू को भगाने की कोशिश की, तो वह उनकी ओर बढ़ने लगा।

संभावित खतरे को देखते हुए बच्चे और उनके साथ आए परिजन तुरंत वापस गांव की ओर भागे और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। घटना के बाद इलाके से कोई भी बच्चा स्कूल नहीं गया। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल क्षेत्र से गुजरने के कारण महिलाएं रोज सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने जाती हैं और रास्ते में बर्तन बजाकर व तेज आवाज कर सतर्क रहती हैं।

इसी दौरान पास के पीड़ा क्षेत्र में भालू द्वारा एक पालतू जानवर को मारने की सूचना भी सामने आई, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई। इसके अलावा उखीमठ ब्लॉक के मक्कूमठ क्षेत्र के धारोड़ा गांव में सोमवार रात भालू ने लक्ष्मण सिंह चौहान के गोठ में घुसकर दो मवेशियों को घायल कर दिया।

इसे भी पढ़ें – रायपुर क्षेत्र के नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, जांच शुरू

रुद्रप्रयाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि क्षेत्र में भालू से जुड़ी घटनाएं बढ़ी हैं। वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और त्वरित प्रतिक्रिया दल प्रभावित इलाकों में भेजे जा रहे हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगली जानवरों को भगाने के लिए मिर्ची के धुएं जैसे पारंपरिक उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

Saurabh Negi

Share