चमोली में तमक गदेरे में बाढ़ से वैली ब्रिज बहा, लापता बीआरओ हवलदार की तलाश जारी

गोपेश्वर – चमोली जिले की नीति घाटी में सोमवार शाम तमक गदेरे में आई अचानक बाढ़ से ज्योतिर्मठ-नीति-मलारी राजमार्ग पर बना वैली ब्रिज बह गया। घटना के दौरान सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का एक हवलदार भी लापता हो गया, जिसकी तलाश के लिए मंगलवार सुबह से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

यह घटना ज्योतिर्मठ से करीब 40 किलोमीटर दूर तमक गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि गदेरे के ऊपरी क्षेत्र में बादल फटने के कारण अचानक जलस्तर बढ़ गया, जिससे राजमार्ग और आसपास का क्षेत्र प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार दोपहर करीब तीन बजे तमक गदेरे का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ। इसके बाद शाम करीब साढ़े चार बजे जलस्तर में फिर वृद्धि हुई, जिससे पुल के आसपास कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा और पानी राजमार्ग तक पहुंच गया।

शाम करीब पांच बजे गदेरे में अचानक तेज बहाव आया, जिसकी चपेट में आकर 123 बीआरटीएफ द्वारा निर्मित वैली ब्रिज बह गया। घटना के समय बीआरओ के हवलदार पंकज सुरक्षित स्थान की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन तेज बहाव में बहकर लापता हो गए।

पुल के निकट खड़ा बीआरओ का एक कैंपर वाहन भी बाढ़ की चपेट में आकर बह गया। आसपास के क्षेत्र में कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।

लापता हवलदार की तलाश के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। वहीं, बीआरओ प्रभावित मार्ग पर यातायात बहाल करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाने में जुटा है। संगठन गदेरे के भीतर से अस्थायी मार्ग तैयार करने की संभावनाओं पर भी काम कर रहा है।

क्षेत्र में सोमवार रात से रुक-रुक कर बारिश जारी है, जिससे राहत एवं सड़क बहाली कार्यों में कठिनाई आ रही है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Saurabh Negi

Share