चंपावत में नाबालिग से गैंगरेप, भाजपा पदाधिकारी समेत तीन आरोपी फरार

चंपावत में नाबालिग से गैंगरेप, भाजपा पदाधिकारी समेत तीन आरोपी फरार

चंपावत जिले में एक नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने मिलकर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया, जिनमें एक भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और एक पूर्व ग्राम प्रधान भी शामिल हैं।

शिकायत के अनुसार कक्षा 10 की छात्रा अपनी सहेली के मेहंदी कार्यक्रम में गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसे पकड़कर बुरी तरह प्रताड़ित किया। जब उसने परिवार को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया, मारपीट की और हाथ-पैर बांधकर उसे नग्न अवस्था में एक कमरे में बंद कर फरार हो गए।

परिजनों की सूचना पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की और छात्रा को कमरे से बरामद किया। वह हाथ-पैर बंधे हुए मिली, जिसके बाद उसे तुरंत चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें पॉक्सो अधिनियम भी शामिल है।

पीड़िता कोतवाली क्षेत्र की निवासी है और अपने बीमार पिता की देखभाल के साथ पढ़ाई करते हुए आइसक्रीम की दुकान पर काम भी करती है। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह काम पर गई थी, लेकिन बाद में उसने फोन कर बताया कि उसे मेहंदी कार्यक्रम के लिए गांव ले जाया जा रहा है। रात में एक संक्षिप्त कॉल के बाद उसका फोन बंद हो गया, जिससे संदेह बढ़ा।

इसे भी पढ़ें – चंपावत गैंगरेप मामले में बवाल, थाने के अंदर भिड़े दोनों पक्ष

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान विनोद सिंह रावत, नवीन सिंह और पूरन सिंह रावत के रूप में हुई है। इनमें पूरन सिंह रावत पूर्व ग्राम प्रधान होने के साथ वर्तमान में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भी हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की जांच जारी है।

Saurabh Negi

Share