चंपावत गैंगरेप मामले में बवाल, थाने के अंदर भिड़े दोनों पक्ष
चंपावत में गैंगरेप के एक मामले को लेकर तनाव बढ़ गया, जब पुलिस थाने के अंदर ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पुलिस को स्थिति संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल रावत को घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह पीड़िता की तलाश में पुलिस की मदद कर रहे थे। पीड़िता को एक कमरे से बरामद किया गया और मौके का वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद जब वे थाने पहुंचे, तो आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि करीब आठ से दस लोग थाने के अंदर घुस आए और वहां मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
सुबह के समय कमल रावत पीड़ित पक्ष के साथ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। पीड़िता के पिता की तबीयत गंभीर होने के कारण वे शिकायत लिखवाने में मदद कर रहे थे। इसी दौरान एक अन्य आरोपी भी थाने पहुंचा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
इसे भी पढ़ें – आदि कैलास यात्रा 8 मई से शुरू, कैंची-चितई-जागेश्वर धाम दर्शन के साथ रवाना होगा पहला दल
हंगामे और आरोप-प्रत्यारोप के बीच पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को हटाया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि मामले में धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

