चंद्रबदनी परिसर के नए प्रभारी प्राचार्य बने डॉ. मूलचन्द्र शुक्ल, समितियों की बैठक ली

चंद्रबदनी परिसर के नए प्रभारी प्राचार्य बने डॉ. मूलचन्द्र शुक्ल, समितियों की बैठक ली

चंद्रबदनी (नैखरी), टिहरी गढ़वाल। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के चंद्रबदनी परिसर में डॉ. मूलचन्द्र शुक्ल को नया प्रभारी प्राचार्य एवं परिसर निदेशक नियुक्त किया गया है। संस्कृत विभाग के सहायक प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. शुक्ल को यह जिम्मेदारी उत्तराखंड उच्च शिक्षा निदेशालय ने वरिष्ठता के आधार पर सौंपी है। पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. महंथ मौर्य की सेवानिवृत्ति के बाद यह नियुक्ति की गई है।

डॉ. मूलचन्द्र शुक्ल इससे पहले राजकीय महाविद्यालय घाट, चमोली में प्रभारी प्राचार्य का दायित्व निभा चुके हैं। इसके बाद उनका स्थानांतरण राजकीय महाविद्यालय रामनगर में हुआ था। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने परिसर की विभिन्न समितियों के संयोजकों और सदस्यों के साथ बैठक की।

बैठक में डॉ. शुक्ल ने कहा कि परिसर की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, प्रशासनिक कार्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर शैक्षणिक गतिविधियों और संस्थागत विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

समितियों के कार्यों की समीक्षा

प्रभारी प्राचार्य ने परिसर की विभिन्न समितियों के कार्यों और गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संयोजकों और सदस्यों से अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

डॉ. शुक्ल ने सभी समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और परिसर की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर परिसर के प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने नए प्रभारी प्राचार्य को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. शुक्ल के नेतृत्व में परिसर शैक्षणिक और संस्थागत विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।

 

admin

Share