मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत 5,300 से अधिक बच्चों को 3.09 करोड़ रुपये डीबीटी से मिले

मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत राज्य सरकार ने लाभार्थी बच्चों के खातों में तीन करोड़ नौ लाख रुपये से अधिक की धनराशि सीधे ट्रांसफर की है। यह राशि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अपने कैंप कार्यालय से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से जारी की।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि यह योजना वर्ष 2020 से संचालित है। इसका उद्देश्य कोविड-19 महामारी के दौरान माता-पिता को खो चुके बच्चों को आर्थिक सहारा देना है। योजना के तहत पात्र बच्चों को राज्य सरकार की ओर से प्रतिमाह तीन हजार रुपये की सहायता दी जाती है।
उन्होंने जानकारी दी कि सितंबर माह तक की राशि पहले ही लाभार्थियों को दी जा चुकी है। अक्टूबर माह के लिए एक करोड़ 55 लाख 31 हजार रुपये की राशि 5,177 बच्चों के खातों में भेजी गई। वहीं नवंबर माह के लिए एक करोड़ 54 लाख 41 हजार रुपये 5,147 लाभार्थियों को हस्तांतरित किए गए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार योजना के नियमों के तहत जैसे ही लाभार्थी की आयु 21 वर्ष पूरी होती है, उसे योजना से हटा दिया जाता है। बालिका लाभार्थियों को विवाह के बाद योजना से बाहर किया जाता है। इसके अलावा रोजगार प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को भी योजना से अलग कर दिया जाता है।
इसे भी पढ़ें – रुद्रप्रयाग में स्कूल मार्ग पर भालू दिखने से दहशत, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
इस अवसर पर विभागीय निदेशक बंसी लाल राणा, भाजपा नेता इंदर रावत, मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता और उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी राजीव नयन उपस्थित रहे।


