देहरादून के अराघर-रिस्पना मार्ग पर बनेगी चार लेन एलिवेटेड सड़क, 183.97 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार
देहरादून में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने अराघर चौक से रिस्पना पुल तक चार लेन एलिवेटेड सड़क निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। प्रस्तावित परियोजना की अनुमानित लागत 183.97 करोड़ रुपये तय की गई है।
यह एलिवेटेड सड़क चंचल डेयरी के पास स्थित रिस्पना पुल को अराघर चौक से जोड़ेगी। धर्मपुर और अराघर जैसे व्यस्त क्षेत्रों से गुजरने वाला यह मार्ग वर्तमान में शहर के सबसे अधिक दबाव वाले यातायात गलियारों में शामिल है, जहां पीक आवर्स में नियमित रूप से जाम की स्थिति बनती है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, यह परियोजना राज्य राजमार्ग-85 पर विकसित की जाएगी। इससे राजपुर रोड, सहारनपुर रोड, आईएसबीटी और मसूरी मार्ग जैसे प्रमुख संपर्क मार्गों पर यातायात संचालन को गति मिलेगी।
विभाग द्वारा कराए गए यातायात सर्वेक्षण में सामने आया है कि इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग 62,733 यात्री कार इकाई वाहनों का आवागमन होता है। वहीं, अराघर चौक से पीक आवर्स में करीब 4,125 यात्री कार इकाई वाहन गुजरते हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा मार्ग अपनी निर्धारित क्षमता से अधिक दबाव झेल रहा है।
परियोजना के तहत एलिवेटेड सड़क के साथ सर्विस रोड, रिटेनिंग वॉल, जल निकासी व्यवस्था, उपयोगिता स्थानांतरण कार्य, सुरक्षा उपाय और गुणवत्ता नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी। प्रभावित भूमि और संपत्तियों के लिए अधिग्रहण तथा मुआवजा प्रक्रिया भी परियोजना का हिस्सा होगी।
इस योजना का प्रमुख उद्देश्य सिग्नल मुक्त यातायात गलियारा तैयार करना है। परियोजना पूरी होने के बाद धर्मपुर और अराघर चौराहों पर वाहनों को बार-बार रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे यात्रा समय में कमी आएगी।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि यातायात सर्वेक्षण, व्यवहार्यता अध्ययन और प्रारंभिक डिजाइन का कार्य पूरा हो चुका है। लागत का आकलन तैयार कर लिया गया है और भूमि आवश्यकता भी चिन्हित कर ली गई है। साथ ही प्रस्तावित मेट्रो परियोजना के साथ संभावित तकनीकी समन्वय का भी अध्ययन किया गया है। अब विस्तृत इंजीनियरिंग डिजाइन, भूमि अधिग्रहण और निर्माण योजना पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
