देहरादून में पहली ही बारिश में धंसा 16 करोड़ का पुल, नंदा की चौकी के पास यातायात बंद
देहरादून: मानसून की पहली तेज बारिश ने देहरादून में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नंदा की चौकी के पास लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नया पुल पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। पुल का संपर्क मार्ग धंसने से सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में तैयार हुआ यह पुल पहली ही मानसूनी बारिश का दबाव नहीं झेल सका। संपर्क मार्ग धंसने के बाद किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए प्रशासन ने पुल को तत्काल बंद कर दिया। संबंधित विभाग ने क्षति का आकलन शुरू कर दिया है।
वहीं, रेंजर्स ग्राउंड के आसपास भारी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून फिर सक्रिय हो गया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है, जबकि कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासनों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदियों और बरसाती नालों से दूर रहने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार प्रदेश में वर्तमान मौसम का यह दौर 2 अगस्त तक जारी रह सकता है और इस दौरान रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
