रुद्रप्रयाग में दरांती से तेंदुए से भिड़ीं 64 वर्षीय महिला, हमला नाकाम कर बचाई अपनी जान

रुद्रप्रयाग में दरांती से तेंदुए से भिड़ीं 64 वर्षीय महिला, हमला नाकाम कर बचाई अपनी जान

रुद्रप्रयाग: जनपद के अगस्त्यमुनि विकासखंड के पथालीधार क्षेत्र स्थित कोटी गांव में घास काटने गई 64 वर्षीय महिला ने साहस का परिचय देते हुए तेंदुए के हमले का दरांती से मुकाबला किया। महिला की सूझबूझ और बहादुरी के चलते तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया और उनकी जान बच गई। हमले में महिला घायल हुई है, जिसका प्राथमिक उपचार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोटी गांव निवासी नारायणी देवी (64) बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे पशुओं के लिए घास लेने पास के जंगल गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। घबराने के बजाय महिला ने अपने पास मौजूद दरांती से तेंदुए पर कई वार किए। महिला के प्रतिरोध से तेंदुआ पीछे हट गया और जंगल की ओर भाग गया।

हमले में नारायणी देवी के हाथ और पैरों में चोटें आईं। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक डॉ. प्रियंशी ने बताया कि महिला की चोटें गंभीर नहीं हैं और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।

महिला के पुत्र पंकज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए के हमले की यह पहली घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने कहा कि गांव के अधिकांश परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं और उन्हें प्रतिदिन चारा लेने जंगल जाना पड़ता है। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की अपेक्षा जताई जा रही है।

फोकस कीवर्ड: रुद्रप्रयाग तेंदुआ हमला

स्लग:

मेटा विवरण:

Saurabh Negi

Share